देश

उत्तराखंड: यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का मुहूर्त तय, 22 अप्रैल अक्षय तृतीया से होंगे दर्शन

-चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह, करीब साढ़े छह लाख आए पंजीकरण : महाराज

उत्तरकाशी
 यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का मुहूर्त तय हो गया है। यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया शनिवार 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 41 मिनट पर कर्क लग्न, अभिजीत मुहूर्त, कृतिका नक्षत्र में खुलेंगे। सोमवार को यमुना जयंती चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) में मंदिर समिति यमुनोत्री मां यमुना की पूजा-अर्चना के पश्चात विधि-विधान और पंचांग गणना के पश्चात विद्वान आचार्यों-तीर्थपुरोहितों ने यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि और समय तय किया है।

यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने मंदिर समिति पदाधिकारियों और तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति कपाट खुलने की तिथि समय की विधिवत घोषणा की। मंदिर समिति के पूर्व सचिव कीर्तेश्वर उनियाल ने बताया कि इस अवसर पर मां यमुना की उत्सव डोली के धाम प्रस्थान का भी कार्यक्रम तय हुआ। शनिवार 22 अप्रैल को मां यमुना की उत्सव डोली, मां यमुना के भाई सोमेश्वर देवता के साथ समारोह पूर्वक सेना के बैंड के साथ खुशीमठ से प्रात: 8 बजकर 25 मिनट पर प्रस्थान यमुनोत्री मंदिर परिसर में पहुंचेगी। अक्षय तृतीया 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 41 मिनट पर यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जायेंगे।

कपाट खुलने की तिथि तय होने के अवसर पर शीतकालीन रावल ब्रह्मानंद उनियाल,मंदिर समिति सचिव सुरेश सेमवाल, उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल, यमुनोत्री महासभा अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल, यमुनोत्री मंदिर समिति के पूर्व सचिव कृतेश्वर उनियाल आदि उपस्थित रहे। हालांकि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चारधाम यात्रा तैयारियों को पूरा करने को 15 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दे चुके हैं। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में बहुत उत्साह है। अभी तक चार धामों के लिए श्रद्धालुओं की पंजीकरण की संख्या छह लाख चौंतीस हजार से अधिक पहुंच गयी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button